
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। चांपा स्थित तिरुपति मोटर्स में पिछले करीब 8 वर्षों से कार्यरत 30 वर्षीय कर्मचारी शिवराम धीवर की रायपुर में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को तिरुपति मोटर्स प्रबंधन द्वारा शिवराम को काम के सिलसिले में रायपुर भेजा गया था। रायपुर में कार्य के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शिवराम तिरुपति मोटर्स में फिटर – वेल्डर के रूप में कार्यरत था। शिवराम की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खासकर उसके चार माह के मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन तिरुपति मोटर्स के सामने पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने के साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर परिजनों और तिरुपति मोटर्स प्रबंधन के बीच बातचीत की स्थिति बनी हुई है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और जिम्मेदारी तय होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। समाचार लिखें जाने के मामले में दोनों पक्षो में समझौता हो जाने कि बात सामने आई है





