
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सरस्वती नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 900 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट निट्रोसन (Nitrosun), 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप ऑनरेक्स (ONEREX), 4,200 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त बुलेट वाहन बरामद किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास दोपहिया वाहन सवार तीन व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में सरस्वती नगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

वाहन और संदिग्धों के हुलिये के आधार पर पुलिस ने तीनों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान आर्यन खान उर्फ रूशान खान (23), सलमान खान (19) और शेख युसुफ (40), सभी निवासी रायपुर के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 900 नशीली टैबलेट निट्रोसन, 77 शीशी ऑनरेक्स सिरप और बिक्री की नगदी बरामद हुई। प्रतिबंधित दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 201/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी), 22(ग) और 29 में मामला दर्ज किया है। साथ ही, बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 भी जब्त किया गया है।पुलिस अब आरोपियों से नशीली दवाओं के सप्लायर, खरीदी के स्रोत और बिक्री नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।






