
खबर खुलेआम
रायगढ़। शहर की कानून-व्यवस्था की कमान अब निरीक्षक अमित तिवारी संभालेंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल का स्थानांतरण कर उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय की न्यायालय शाखा में अटैच किया गया है। उनके स्थान पर अमित तिवारी को आगामी आदेश तक शहर कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुखनंदन पटेल मार्च 2024 से शहर कोतवाली में पदस्थ थे। करीब सवा दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान जिले के अधिकांश थाना प्रभारियों के तबादले हुए और दो पुलिस अधीक्षक भी बदले, लेकिन कोतवाली थाना प्रभारी के रूप में उनकी पदस्थापना बरकरार रही। इसे लेकर समय-समय पर चर्चाओं का दौर भी चलता रहा। हाल ही में जिले की कमान संभालने वाले पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस महकमे में फेरबदल की संभावनाएं जताई जा रही थीं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कार्यलय से जारी आदेश के तहत अब कोतवाली की जिम्मेदारी तेज तर्रार अमित तिवारी को सौंपी गई है। निरीक्षक अमित तिवारी धरमजयगढ़ और घरघोड़ा थाना प्रभारी के साथ-साथ खरसिया पुलिस चौकी प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें तेज-तर्रार अधिकारी और अपराध विवेचना में दक्ष माना जाता है। ऐसे में शहर कोतवाली की कमान मिलने के बाद कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर उनसे बेहतर परिणाम की उम्मीद की जा रही है। वहीं, निरीक्षक सुखनंदन पटेल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की न्यायालय शाखा में संबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को जिले की पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।









