
खबर खुलेआम
31 जुलाई, रायगढ़*। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा शहर में नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्कूलों, मुख्य चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर सघन जांच की गई, जहां बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाते पाए गए 16 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित 16 नाबालिगों के अभिभावकों को मौके पर बुलाकर मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। अभिभावकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि नाबालिग को वाहन चलाने देना कानूनन दंडनीय अपराध है, जिसके लिए आर्थिक दंड के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। उन्हें भविष्य में अपने बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं सौंपने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात पुलिस ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है और इससे न केवल स्वयं नाबालिग का जीवन खतरे में पड़ता है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है, जिसे आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा। रायगढ़ पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें तथा सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।











