
डेस्क खबर खुलेआम
लोरमी। वन परिक्षेत्र लोरमी के अंतर्गत ग्राम कंचनपुर के पास एक तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों के अनुसार गांव के समीप तेंदुए का शव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला घटनास्थल पर पहुंचा और मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती है, ऐसे में तेंदुए की संदिग्ध मौत कई सवाल खड़े कर रही है।वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर विभाग की नजर बनी हुई है।











