
रायगढ़। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत चारमार गांव के समीप एक जंगली हाथी मालगाड़ी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में हाथी के एक पैर में गहरी चोट आई है, जबकि उसके शरीर से लगातार रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है। घटना के सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि घायल हाथी के साथ पांच अन्य हाथियों का दल भी आसपास मौजूद है और लगातार क्षेत्र में घूम रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामले की सूचना वन विभाग को दिए जाने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। वन विभाग द्वारा घायल हाथी की निगरानी के साथ आवश्यक उपचार और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।














