
डेस्क खबर खुलेआम
विशेष संवाददाता शक्ति जिला
सक्ती जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां खेलते-खेलते तालाब के पास पहुंचीं दो मासूम जुड़वा बहनों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।मिली जानकारी के अनुसार, बाराद्वार थाना क्षेत्र के लवसरा गांव में रहने वाली 6 वर्षीय दीप्ति गोंड और दिव्या गोंड सुबह करीब 9:30 बजे घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां अनजाने में तालाब के किनारे पहुंच गईं और असावधानी के चलते गहरे पानी में गिर गईं।
आसपास कोई मौजूद न होने के कारण उन्हें समय पर बचाया नहीं जा सका।कुछ समय बाद ग्रामीणों की नजर तालाब में तैरते हुए दोनों बच्चियों पर पड़ी, जिसके बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला और परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।












