
खबर खुलेआम
रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सिंघनपुर के पास अनियंत्रित ट्रेलर (क्रमांक CG-13-AD-2483) ने एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार महिला उमा राठिया की मौके पर ही मौत हो गई ।
घटना के बाद खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंच गए।



मिली जानकारी के अनुसार, मृतका उमा राठिया पेशे से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। वह अपने पति टीकाराम राठिया और अपने मासूम बच्चे के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने ससुराल बाड़ादरहा से मायके सिंघनपुर लौट रही थीं। घर पहुँचने से पहले ही काल बनकर आए ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। घटना में पति और बच्चे को चोट आई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंघनपुर के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। सड़क के दोनों ओर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि लापरवाह चालकों पर कड़ी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले। स्थानीय निवासी ने कहा कि सड़कें अब सुरक्षित नहीं रहीं, भारी वाहनों की रफ्तार मासूमों की जान ले रही है। जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होगी, हम पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए भूपदेवपुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर मौजूद है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को शांत कराने और यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटे हैं। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।












