

डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया में पत्नी और उसकी मासूम बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नवनीत कुमार साहू ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बड़ी बहन हेमलता साहू पिछले करीब दो वर्षों से ग्राम सेमरिया में गुलाब राम साहू के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी। 1 अप्रैल 2026 को उसकी दूसरी बहन नीतू ने फोन कर सूचना दी कि हेमलता साहू और उसकी पुत्री चित्रा साहू की हत्या कर दी गई है।सूचना मिलते ही प्रार्थी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां दोनों मां-बेटी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल पर खून से सना टंगिया और कांसे का लोटा भी बरामद हुआ।प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी गुलाब राम साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुलाब राम साहू ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी और बेटी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया और कांसे का लोटा जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













