
खबर खुलेआम
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खेत में उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त कर लिया।
श्री शशि मोहन सिंहएसएसपी रायगढ़
एनडीपीएस एक्ट आरोपी- मार्शल सांगा
19 मार्च 2026 की रात्रि थाना तमनार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आमाघाट नदी किनारे खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके पश्चात तत्काल पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और पूछताछ में खेत में अफीम की खेती संदेही – मार्शल सांगा पिता मिखाएल सांगा उम्र 40 साल निवासी ग्राम हडमबनम थाना खूंटी, जिला खूंटी (झारखंड) द्वारा किये जाने की जानकारी मिली जिसे तत्काल हिरासत में लिया गया। पूछताछ में संदेही मार्शल सांगो निवासी जिला खूंटी (झारखंड), जो अपने ससुराल ग्राम आमाघाट में रहकर पिछले कुछ महीनों से अपने झारखंड के साथियों के साथ मिलकर नदी किनारे करीब एक एकड़ भूमि में अफीम की खेती कर रहा था तथा इसकी देखरेख करता था। पुलिस द्वारा रातभर आमाघाट में कैम्प कर खेत पर पहरा दिया गया। आज सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे और ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) को जांच एवं वैधानिक कार्रवाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पांच अलग-अलग खसरा नंबरों में निजी एवं परियोजना भूमि पाई गई है। उक्त भूमि के पांच हिस्से- खसरा नं 462/3 भूमि स्वामी विराज, प्रवीण उर्मिला, सुलोचना, खसरा नं 462/2 भूमि केलो परियोजना, खसरा नं 462/1 भूमि स्वामी- महंत पिता चमरा, अश्वनी बेवा चमरा, खसरा नं 462/4 भूमि स्वामी- दयानंद पिता धरमदेव, खसरा नं 462/5 भूमि स्वामी- हेमंत कुमार पिता धरमदेव के होने की जानकारी मिली है । ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) टीम द्वारा अफीम फसल की कटाई कराई जा रही है, जिसके पश्चात वास्तविक वजन एवं मूल्य का आंकलन किया जाएगा। फिलहाल आरोपी मार्शल सांगो के विरुद्ध थाना तमनार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की संलिप्तता पर सभी के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी ।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश – “ऑपरेशन आघात के तहत जिले में मादक पदार्थों अवैध संग्रहण, तस्करी या किसी भी प्रकार के कारोबार पर सतत निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध अफीम खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

ग्रामीणों कि माने तो पुरे मामले में कही न कही राजस्व विभाग कि भूमिका सन्देशसपद मान रहे है। जन मानस में चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतनी बड़ी अवैध अफीम कि खेती बिना जानकारी के असम्भव वाली बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले कि जाँच में जुटी हुई है।













