

डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर, 24 फरवरी 2026।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर–नरैय्या तालाब क्षेत्र में संचालित गांजा पैकिंग के एक हाइडआउट पर दबिश देकर 7 किलो 397 ग्राम गांजा सहित बड़ी मात्रा में पैकिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को 23 और 24 फरवरी की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में दो व्यक्ति गांजा की पुड़िया बनाकर फुटकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना को रोजनामचा में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति प्राप्त की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल जाफर (32 वर्ष), निवासी नेहरू नगर एवं सुनील जगत (28 वर्ष), निवासी सुदामा नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से गांजा की पुड़िया और नगद राशि बरामद की गई। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र के नाले किनारे स्थित एक गुप्त ठिकाने पर छापा मारा। यहां से दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 7 किलो 397 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 85 हजार रुपये) बरामद किया गया। साथ ही गांजा पैकिंग में प्रयुक्त प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी जप्त की गई।

जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए हाइडआउट के मुख्य द्वार पर मोशन सेंसर तथा रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे, जिससे गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 24 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि कार्रवाई केवल फुटकर विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांजा तस्करी से जुड़े सप्लायर नेटवर्क एवं बैकवर्ड लिंक की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर अभियान आगे भी जारी रहेगा।











