

डेस्क खबर खुलेआम
कांसाबेल / राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय ने स्वयं फाइलेरिया की दवा का सेवन कर किया और आमजन को दवा सेवन की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर सालिक साय ने कहा कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकथाम योग्य रोग है। इसके स्थायी उन्मूलन के लिए सभी पात्र नागरिकों को निर्धारित डोज के अनुसार दवा का अनिवार्य रूप से सेवन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य फाइलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ बनाना है, जिसमें जनभागीदारी की अहम भूमिका है।
शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा कांसाबेल के महामंत्री केशव पांडेय, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संध्या रानी टोप्पो, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक ज्ञानदास महंत, फार्मासिस्ट चंदर पातर, वाहन चालक मनोज नाग सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल का समस्त स्टाफ एवं मितानिन उपस्थित रहीं।स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दवा सेवन की प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियां एवं इसके लाभों की जानकारी विस्तार से दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि निर्धारित आयु वर्ग के सभी नागरिकों को स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में दवा का सेवन कराना पूर्णतः सुरक्षित और प्रभावी है। अभियान के अंतर्गत गांव-गांव जाकर दवा वितरण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, ताकि फाइलेरिया के स्थायी उन्मूलन की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा सकें।












