

डेस्क खबर खुलेआम
महिलाओं की आत्मनिर्भरता ही विकास की कुंजी – सालिक साय
जशपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित दिशा-दर्शन कार्यक्रम के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अध्ययन भ्रमण के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा भूषण वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को अन्य राज्यों के उत्कृष्ट स्व-सहायता समूहों एवं संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार और आय बढ़ाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि “स्व-सहायता समूह की महिलाएं आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रही हैं। दिशा-दर्शन जैसे कार्यक्रम उन्हें नई दिशा और आत्मविश्वास देते हैं। जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी समाज और प्रदेश का समग्र विकास संभव होगा। कार्यक्रम में केशव पांडे, घनश्याम अग्रवाल (मंडल उपाध्यक्ष) सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से नोडल अधिकारी योगेश भगत, परियोजना अधिकारी जशपुर राजेश क्षीरसागर, सेक्टर सुपरवाइजर तथा पत्थलगांव, लुड़ेग, बागबहार, कांसाबेल, दोकड़ा, फरसाबहार, तपकरा और कुनकुरी क्षेत्रों की स्व-सहायता समूह की सक्रिय महिलाएं शामिल हुईं। यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें नए अनुभवों के साथ आय बढ़ाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।












