

डेस्क खबर खुलेआम
कांसाबेल। राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय रहने वाले जनप्रतिनिधि अक्सर अपनी निजी खुशियों को भव्यता के साथ मनाते हैं, लेकिन जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने एक अलग ही उदाहरण पेश किया है। उन्होंने अपने पुत्र दक्षित साय के चौथे जन्मदिन के अवसर पर किसी बड़े आयोजन के बजाय ग्राम पोंगरो के बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटीं। अपने गृह ग्राम पोंगरो स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में कार्यक्रम सादगी के साथ अपने बेटे का जन्मदिन मनाया।

इस दौरान उन्होंने स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ के साथ समय बिताया। जन्मदिन के उल्लास को दोगुना करने के लिए बच्चों और स्कूल कर्मचारियों के लिए विशेष भोज और मिठाई की व्यवस्था की गई। एक उच्च पद पर आसीन होने के बावजूद सरकारी स्कूल के बच्चों के साथ अपने परिवार की खुशियां साझा करना समाज के लिए एक प्रेरणा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल न केवल शिक्षा के प्रति उनके सम्मान को दर्शाती है, बल्कि समाज में समानता और संवेदनशीलता का संदेश भी देती है। जन सेवक के रूप में पहचान बनाने वाले जिप अध्यक्ष सालिक साय के इस अनूठी पहल की विद्यालय परिवार और पोंगरो के ग्रामवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना कि जा रही है । उपस्थित लोगों ने नन्हे दक्षित को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल और मंगलमय भविष्य की कामना की।












