

खबर खुलेआम
रायगढ़, 17 मार्च — “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोरी के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी निलेश साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पहले ही इस मामले में उसकी लिव-इन पार्टनर नेहा साहू और सहयोगी आशीष महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी थी।
मामले की प्रार्थिया प्रमिला शर्मा (58 वर्ष), निवासी गुलमोहर कॉलोनी, ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनकूट पूजा के दौरान रखे गए नगदी और सोने-चांदी के आभूषण 2 नवंबर 2025 को गायब मिले। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 494/2025 के तहत धारा 331(4), 305(क), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान घरेलू काम करने वाली नेहा साहू पर संदेह हुआ, जो घटना के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गई थी। पुलिस ने 18 जनवरी 2026 को उसे दीनदयालपुरम स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में नेहा ने खुलासा किया कि उसने प्रार्थिया को चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और घर से जेवर व नगदी चोरी कर अपने साथी निलेश साहू को सौंप दिया। बाद में आशीष महंत के साथ मिलकर चोरी का सामान खपा दिया गया और उससे मिले पैसों से घरेलू सामान, आलमारी और एलईडी टीवी खरीदे गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।इधर, फरार आरोपी निलेश साहू की लगातार तलाश जारी थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर बेच दिए गए थे, जबकि दो नग दस-दस ग्राम के सोने के सिक्के घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर करीब ₹3.20 लाख कीमत के सोने के सिक्के बरामद कर जब्त किए।आरोपी निलेश साहू (26 वर्ष), पिता राजेश साहू, निवासी रेलवे बंगलापारा, थाना कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।










