

खबर खुलेआम
निरंजन गुप्ता तमनार / प्रदीप धोबा पूंजीपथरा
रायगढ़ जिले के पुंजपथरा थाना में नए थाना प्रभारी के रूप में राम किंकर यादव ने कार्यभार ग्रहण करते ही सक्रियता दिखाते हुए सबसे पहले थाना स्टाफ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्टाफ को “रिचार्ज” करते हुए टीम भावना के साथ काम करने की बात कही। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार तमनार रश्मि पटेल ने की। बैठक में ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस दौरान त्यौहार में डीजे की समय सीमा, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, शराब सेवन कर उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर चर्चा की गई। नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी ने सभी से अपील की कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।बैठक के अंत में सभी ने मिलकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने का संकल्प लिया।













