

खबर खुलेआम
रायगढ़, 28 फरवरी। होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने जिले भर में सख्त अभियान छेड़ दिया है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पान ठेलों और दुकानों में “गोगो” सहित अन्य नशीली सामग्री बेचने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 35 संचालकों पर जुर्माना और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी को सूचना मिली थी कि शहर के कई पान ठेलों पर “गोगो” नामक नशे की सामग्री खुलेआम बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार एवं लैलूंगा थाना क्षेत्रों में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने पान ठेलों, अड्डेबाजी स्थलों और दुकानों में दबिश दी।कार्रवाई के दौरान जहां-जहां “गोगो” बेची जाती पाई गई, वहां स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संचालकों पर जुर्माना लगाया, वहीं पुलिस ने पृथक रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर कड़ी चेतावनी दी।

कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर, रामपुर, ढिमरापुर, इंदिरा नगर और चांदमारी में छह व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। चक्रधरनगर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और पंजरी प्लांट के आसपास चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। कोतरारोड क्षेत्र में किरोड़ीमल नगर, पतरापाली और भगवानपुर की छह दुकानों पर 800-800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुसौर के बोरोडिपा और बाजार चौक बस्ती में चार व्यक्तियों पर 400-400 रुपये का दंड लगाया गया। तमनार के मुख्य बाजार, राम मंदिर और बस स्टैंड क्षेत्र में पांच लोगों पर कार्रवाई की गई। वहीं लैलूंगा के अटल चौक क्षेत्र में दुकानदारों पर 200-200 रुपये का जुर्माना ठोका गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली पर्व के दौरान नशे की किसी भी अवैध बिक्री या सेवन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है।














