

डेस्क खबर खुलेआम
पत्थलगाँव – जशपुर जिले के पत्थलगाँव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पाकरगाँव में आयोजित भव्य अखंड सोलह प्रहारी विष्णु नाम यज्ञ के पावन अवसर पर जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय मुख्य रूप से सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद लिया और समस्त क्षेत्रवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए मंगल कामना की। पाकरगाँव में आयोजित इस चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। 10 मार्च से शुरू हुए इस यज्ञ का समापन आज 13 मार्च को पूर्णाहूति, नगर भ्रमण, दधि भंजन और भव्य प्रसाद वितरण के साथ हुआ। यज्ञ के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के महामंत्र से गुंजायमान रहा।

सालिक साय ने की सुख-समृद्धि की कामना साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी समरसता बढ़ती है। उन्होंने यज्ञ के सफल और भव्य आयोजन के लिए पाकरगाँव, रघुनाथपुर और तुरुवाआमा के समस्त ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति की सराहना की। इस धार्मिक आयोजन में पाकरगाँव सहित आसपास के गांवों के हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर पुण्य लाभ अर्जित किया।










