

डेस्क खबर खुलेआम
जगदलपुर। जगदलपुर शहर के कालीपुर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक क्रिकेट मैच खेलकर स्कॉर्पियो वाहन से जगदलपुर की ओर लौट रहे थे। कालीपुर स्थित तालाब की मेड पर बनी सड़क से गुजरते समय वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी। वाहन के तालाब में गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आगे की सीट पर बैठे भावेश, शेखर और मनीष स्कॉर्पियो के भीतर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि वाहन के कांच लॉक हो जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। वहीं किसी तरह अन्य चार युवक वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें से दो घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई बताई जा रही है।घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।









