

डेस्क खबर खुलेआम
सायबर मामले के एक्सपर्ट और रायपुर एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन में ऑनलाइन फ्राड मामले में बड़ी कार्यवाई
रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत एमजी रोड क्षेत्र में चौपाटी के ठेले लगाने वाले और छोटे व्यापारियों को निशाना बनाकर ऑनलाइन फाइनेंस और प्री-अप्रूव्ड लोन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले 19 वर्षीय युवक को मौदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेन से फरार होने की फिराक में था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 28/26, धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुदित पाठे उर्फ कृष पवार (19), पिता विजय कुमार पाठे, निवासी बाजार चौक, छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी दसवीं पास है और पढ़ाई छोड़ने के बाद फाइनेंस सेक्टर में करियर बनाने की मंशा लेकर रायपुर आया था।आरोपी पहले गुढ़ियारी क्षेत्र में किराए से और बाद में डोरमेट्री में रहकर ठेले वालों एवं छोटे व्यापारियों से संपर्क बढ़ाता था। वह विभिन्न ऑनलाइन फाइनेंस, कैशबैक और इन्वेस्टमेंट ऐप्स के जरिए कैशबैक, प्रोमो कोड और रेफरल लाभ दिलाकर पीड़ितों का भरोसा जीत लेता था। विश्वास कायम होने के बाद वह पीड़ितों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन और व्यक्तिगत दस्तावेजों तक पहुंच बना लेता था। आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए पीड़ितों के नाम पर प्री-अप्रूव्ड लोन स्वीकृत कराए और लोन की रकम को अपने ऑनलाइन वॉलेट और अन्य खातों में चैनलाइज कर लिया।

आरोपी के अनुसार, उसके पिता पहले इंश्योरेंस सेक्टर में कार्यरत थे, लेकिन कोरोना काल के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया। इसी के चलते उसने पढ़ाई छोड़ दी और ठगी से जुटाई गई रकम से अपने गृह नगर में मोबाइल दुकान खोलने की योजना बना रहा था प्रकरण सामने आने पर डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता एवं एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने स्वयं मामले की निगरानी की। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद निरीक्षक मुकेश शर्मा के नेतृत्व में मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन में जांच के दौरान आरोपी से दर्जनभर डेबिट/क्रेडिट कार्ड पासबुक, चेकबुक कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक दर्जन से अधिक फाइनेंस एवं इन्वेस्टमेंट ऐप्स का उपयोग कर रहा था। पुलिस अब उसके ऑनलाइन वॉलेट, बैंक खातों और मोबाइल एप्लीकेशनों की गहन जांच कर रही है। अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी संभावना जताई जा रही है। टीम की भूमिका सराहनीय इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शर्मा, थाना मौदहापारा पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट रायपुर की भूमिका सराहनीय रही।
पुरे मामले पर पुलिस ने कहा 👇🏼👇🏼











