

खबर खुलेआम
घरघोड़ा।जिंदल फाउंडेशन एवं जेपीएल तमनार द्वारा प्रायोजित तथा ऑल स्टार क्रिकेट क्लब घरघोड़ा के तत्वावधान में आयोजित 42वीं ओ.पी. जिंदल स्मृति ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता घरघोड़ा 2025-26 के चतुर्थ दिवस ग्रुप-बी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जिला क्रिकेट संघ रायगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एंबीशन ब्रजराजनगर की टीम को 49 रनों से शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। टॉस जीतकर ब्रजराजनगर ने रायगढ़ को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन यह फैसला जल्द ही उलटा पड़ गया। रायगढ़ के बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 272 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। रायगढ़ की ओर से अनुग्रह नारायण सिंह ने क्रीज पर डटकर 95 गेंदों में 16 चौके व 2 छक्कों की मदद से शानदार 127 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा परमात्मा पांडे ने भी 57 रनों का उपयोगी योगदान दिया। ब्रजराजनगर की ओर से धनंजय, एम.डी. शाह एवं सचिन ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाबी पारी में ब्रजराजनगर की शुरुआत संतोषजनक रही और धनंजय ने एक छोर संभालते हुए जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। धनंजय ने 72 गेंदों में 9 चौकों व 5 गगनचुंबी छक्कों की सहायता से 108 रन ठोक दिए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। उमेश गौतम ने 45 रनों की पारी खेली, जबकि अन्य बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौटते गए। परिणामस्वरूप ब्रजराजनगर की टीम 31.1 ओवर में 223 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
रायगढ़ की ओर से आशीष कोरी ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और जीत की नींव रखी। शानदार शतकीय पारी के लिए अनुग्रह नारायण सिंह को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वहीं ब्रजराजनगर के धनंजय की जुझारू शतकीय पारी को दर्शकों ने खूब सराहा।











