

खबर खुलेआम
रायगढ़, 24 मार्च। राज्य शासन के निर्देश पर मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तमनार क्षेत्र से लेकर लैलूंगा विकासखंड तक चलाए गए इस अभियान में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 61 किलो से अधिक अफीम और संबंधित सामग्री जब्त की गई है।जानकारी के अनुसार, तमनार क्षेत्र के आमाघाट गांव में अवैध अफीम की खेती की सूचना पर टीम ने छापेमारी कर लगभग 60,326 अफीम के पौधे और 3 किलोग्राम तैयार अफीम बरामद की।
पुरे मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा
इस मामले में आरोपी मार्शल संगा और एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इसके बाद प्रशासन ने जिलेभर में ड्रोन और फिजिकल सर्वे के जरिए निगरानी तेज कर दी। इसी क्रम में 23 मार्च 2026 को लैलूंगा तहसील के नवीन घटगांव में सादराम नागवंशी (60 वर्ष) के खेत में अवैध अफीम की खेती पाई गई। मौके से 6.100 किलोग्राम सूखे पत्ते और 16 किलोग्राम डंठल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।उसी गांव में अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष) के घर से 14 किलोग्राम सूखी अफीम बरामद की गई। आरोपी द्वारा साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।

उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच जारी है।वहीं, मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी (32 वर्ष) द्वारा अफीम पोस्त की अवैध खेती का मामला सामने आया। आरोपी ने फसल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर छिपा दिया था। पुलिस ने करीब 4 किलोग्राम अफीम पोस्त जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (बी) और 18 के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।

प्रशासन ने बताया कि ड्रोन तकनीक के उपयोग से दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रभावी निगरानी संभव हो रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।












