

डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग से 13 किलो से अधिक गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और पुरुष बैग में गांजा रखकर रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग में खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं।
पुरे मामले में पुलिस ने कहा 👇🏼👇🏼
सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरपीएफ के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।तलाशी लेने पर उनके बैग से 13 किलो 156 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद (29 वर्ष) निवासी कौशांबी, उत्तरप्रदेश और हेमलता कैवर्त्य (30 वर्ष) निवासी बिलासपुर हाल पता प्रयागराज बताया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए अक्सर पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे। आरोपी गांजा को ओडिशा के खरियार रोड से लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.156 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 6 लाख 77 हजार 800 रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में एडीसीपी आकाश मरकाम और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।










