

डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो
जशपुर, 16 फरवरी 2026। जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र में जमीन बिक्री की राशि को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। हिस्से की रकम मांगने पर पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक का इलाज अंबिकापुर में जारी है। पुलिस ने आरोपी पिता, मां और भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कामना भगत (25 वर्ष), निवासी नारायणपुर ने 15 फरवरी 2026 को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके ससुर शिवशंकर यादव द्वारा दो वर्ष पूर्व जमीन बेची गई थी। प्रार्थिया के पति कौशल यादव (30 वर्ष) अपने हिस्से की राशि की मांग कर रहे थे, जिसको लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।घटना 13 फरवरी 2026 की है। जमीन के पैसे को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपी शिवशंकर यादव (55 वर्ष), उनकी पत्नी चन्द्रमुनी भगत (47 वर्ष) और पुत्र अंकुश यादव (27 वर्ष) ने कथित रूप से मिलकर कौशल यादव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान पिता शिवशंकर यादव ने बेटे पर पेट्रोल डालकर माचिस जला दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।मामले की सूचना पर प्रारंभ में चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल में बिना नंबरी अपराध दर्ज किया गया। चूंकि घटना थाना नारायणपुर क्षेत्र की थी, इसलिए प्रकरण अग्रिम विवेचना हेतु थाना नारायणपुर भेजा गया। वहां अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।थाना नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 16 फरवरी 2026 को शिवशंकर यादव (पिता), चन्द्रमुनी भगत (माता) एवं अंकुश यादव (भाई), सभी निवासी नारायणपुर, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











