

खबर खुलेआम
15 मार्च। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए 16 नग आईफोन सहित लगभग 14 लाख 15 हजार रुपये का माल बरामद किया है।मामले की जानकारी के अनुसार 09 मार्च 2026 की रात सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की घटना सामने आई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक निवासी लक्ष्मीपुर ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली तो अंदर शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दुकान की दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा और शोकेस में रखे 16 आईफोन तथा काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया।घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल का उपयोग कर रहा है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन रायपुर ट्रेस की। पुलिस टीम तत्काल रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन से रायगढ़ आ रहा था, जिसे चलती ट्रेन में ही पुलिस ने दबोच लिया।पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान के कब्जे से चोरी के 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के पास से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।











