

खबर खुलेआम
संलग्नकर्ता – राजू यादव धरमजयगढ़
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में बोरो रेंज अंतर्गत ग्राम कुमा में एक ग्रामीण के घर से विभिन्न प्रजातियों की अवैध लकड़ियों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। इस कार्रवाई ने जहां विभाग की सक्रियता को दर्शाया है, वहीं विभागीय कार्यशैली को लेकर उठते सवालों को भी उजागर कर दिया है।बता दें, प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमा गांव में अवैध लकड़ी संग्रहण की सूचना मिलते ही वन मंडल की टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कई प्रजातियों की लकड़ियां घर परिसर से बरामद की गईं। कार्रवाई की भनक लगते ही गांव में हलचल मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। वातावरण कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो उठा, जब ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को चारों ओर से घेर लिया।

विशेष रूप से उपस्थित महिलाओं ने आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा पूर्व में कराए गए कार्यों का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे असंतोष की स्थिति बनी हुई है। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामला शांत कराया।और वहीं वन विभाग की टीम ने बरामद लकड़ियों को विधिवत जप्त कर अपने कब्जे में लिया तथा आगे की कार्रवाई हेतु उन्हें धरमजयगढ़ कास्टगार लाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मामले के कथित आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक ओर जहां अवैध कटाई एवं भंडारण के विरुद्ध विभाग की सतर्कता को रेखांकित किया है, वहीं ग्रामीणों की नाराजगी ने विभागीय संवाद और पारदर्शिता की आवश्यकता की ओर भी संकेत किया है। अब देखना यह है कि जांच की प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है और दोषियों पर क्या वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। आगे कि कार्यवाई जारी है














