

डेस्क खबर खुलेआम
एक साल शानदार, जिले के विकास को दी नई रफ्तार
जशपुर। जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही जिले में विकास कार्यों की नई पहचान उभरकर सामने आई है। बीते एक वर्ष में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में कई अहम पहलें की गईं, जिनका सीधा लाभ ग्रामीण जनता को मिल रहा है।जशपुर की पावन धरती ने कई जननायकों को जन्म दिया है और उन्हीं में एक नाम सालिक साय का भी है। एक साधारण कार्यकर्ता से जिला पंचायत अध्यक्ष तक का उनका सफर संघर्ष, सादगी और जनसेवा की मिसाल माना जाता है। अपनी कार्यकुशलता और जनसंपर्क शैली के दम पर वे आज छत्तीसगढ़ की राजनीति में आदिवासी समाज के एक सशक्त चेहरे के रूप में उभरकर सामने आए हैं।अपने एक वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युतीकरण और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी। कई गांवों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया, वहीं विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए विद्युत सब स्टेशन की स्वीकृति दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में हाट-बाजार शेड, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक भवनों के निर्माण व स्वीकृति जैसे कार्यों को भी गति मिली।

संघर्ष से सियासत तक का सफर
सालिक साय का राजनीतिक जीवन भी संघर्ष और समर्पण से भरा रहा है। वर्ष 1994 में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की और युवावस्था से ही संगठनात्मक कार्यों में खुद को समर्पित कर दिया। स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में उन्होंने राजनीति की बारीकियों को समझा और जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ते गए।इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य, मंडल मंत्री, जनपद पंचायत कांसाबेल के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य और कृषि स्थायी समिति के सभापति जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए जनसेवा का दायरा लगातार बढ़ाया। वर्ष 2023 में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

जनता के बीच रहने वाले नेता
जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में काम करना उनकी पहचान बन चुकी है। सादगी और सहजता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। यही कारण है कि वे हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी बात सुनने और समस्याओं के समाधान का प्रयास करते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उनका एक वर्ष का कार्यकाल जनसेवा, विकास और जनविश्वास का प्रतीक बनकर सामने आया है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनके नेतृत्व में क्षेत्र में और भी विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।












