

खबर खुलेआम
निरंजन गुप्ता
घरघोड़ा। अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) दुर्गा प्रसाद अधिकारी के नेतृत्व में आज घरघोड़ा एवं तमनार क्षेत्र में राजस्व, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक स्तर पर ड्रोन सर्वे कराया गया।इस अभियान के तहत राजस्व विभाग के पटवारी और कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर जमीनी निरीक्षण भी किया।

प्रशासन की टीम ने संदिग्ध क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए हर गतिविधि पर नजर रखी। ड्रोन सर्वे के दौरान घरघोड़ा तहसील के बैहामुडा, भेंगारी, पाकादरहा, पानीखेत तथा तमनार तहसील के आमापाली, राबो, गदगांव और अन्य गांवों को कवर किया गया। आधुनिक तकनीक के जरिए खेतों की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी अवैध खेती का पता लगाया जा सके।एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुहिम के तहत आगे भी ड्रोन सर्वे लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













