



डेस्क खबर खुलेआम
बलरामपुर। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के मदनपुर गांव में मिट्टी खदान धसने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। त्यौहार के समय घर की पुताई के लिए सफेद छुही मिट्टी निकालने गई महिलाओं पर खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। दो महिलाएं बाल-बाल बच गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण महिलाएं अपने घर की दीवारों की पुताई के लिए छुही मिट्टी निकालने खदान में गई थीं। मिट्टी निकालते समय अचानक ऊपरी हिस्सा धंस गया और महिलाएं उसके नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर फावड़ा-कुदाल की मदद से दबीं महिलाओं को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घायल महिला का इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।





