
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर / ऑनलाइन जुए की लत और कर्ज ने एक युवक को इस कदर अपराध की राह पर धकेल दिया कि उसने रिश्तों की मर्यादा तक भुला दी। जिस जीजा के घर में वह कभी मेहमान बनकर ठहरा था, उसी के सूने मकान को उसने चोरी का निशाना बना लिया। आरोपी ने घर की पूरी जानकारी होने का फायदा उठाते हुए लाखों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, रायपुर पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी की इस वारदात का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है।

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं। रायपुर स्थित उनके मकान के प्रथम एवं द्वितीय तल पर माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है, जबकि तीसरे तल पर उनका परिवार निवास करता है। 28 अक्टूबर को मकान की साफ-सफाई के बाद महिला कर्मचारी ताला लगाकर चाबी प्रार्थी की मां को सौंपकर चली गई थी। इसके दो दिन बाद 30 अक्टूबर की सुबह मकान का मुख्य दरवाजा टूटा होने और चोरी की सूचना मिली। रायपुर पहुंचकर जांच करने पर आलमारी और लॉकर टूटे मिले तथा सोने, चांदी, हीरे के आभूषण और नकदी गायब मिले।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर टिकरापारा पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल तक जाते दिखाई दिया।जांच में संदिग्ध की पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने आखिरकार टूट गया और चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत है और इसी कारण उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई। कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ जीजा के मकान में दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे आलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी की जानकारी मिल गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव जा चुकी है और मकान सूना है। मौका देखकर आरोपी ने मकान की दीवार फांदी और तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। अपने साथ लाई गई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा, फिर आलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती आभूषण और नकदी पार कर दी। इतना ही नहीं, पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए तथा कपड़ों को व्यवस्थित तरीके से आलमारी में रख दिया, ताकि तत्काल किसी को उस पर संदेह न हो। पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष), पिता देवेंद्र पाण्डेय, निवासी वार्ड क्रमांक 13 पंजाबीपारा, थाना कोतवाली जिला महासमुंद, हाल मुकाम प्रिंस कॉलोनी लक्ष्मी नगर टिकरापारा रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की गई है।




