
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर के अग्रसेन चौक में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलेनो कार में सवार 56 वर्षीय नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, 18 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी घायल हो गए।तेलीबांधा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की है। अग्रसेन चौक पर स्कोडा कार क्रमांक CG 04 NS 9143 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बलेनो कार क्रमांक CG 04 RB 1410 को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो में सवार नरेंद्र सिंह (56 वर्ष), पिता घेरा सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार में मौजूद उनकी पत्नी सत्येंद्र कौर, पुत्र सुमित (18 वर्ष) और पुत्री दीपजोत कौर (12 वर्ष) को चोटें आईं।हादसे के बाद स्कोडा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू की। इस दौरान स्कोडा कार में मौजूद राहुल यादव और शीतल यादव से पूछताछ की गई।

पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर घटना के समय वाहन ईलू उर्फ ओजश सुकदेव द्वारा चलाए जाने की जानकारी दी।इधर, स्कोडा कार में सवार लोगों द्वारा शराब सेवन किए जाने से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुआ है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। वहीं मृतक नरेंद्र सिंह की मौत के मामले में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मर्ग जांच में लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।






