
डेस्क खबर खुलेआम
कांसाबेल । कुकुरभूका पंचायत में आयोजित दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला सरायटोला और कुकुरभूका की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें सरायटोला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। उनके साथ जनपद अध्यक्ष श्रीमती धनियारो परहा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना चौहान, सरपंच श्रीमती शकुंतला कांत सुरेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने, नियमित अभ्यास करने और अपने गांव तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देना आवश्यक है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिल सके।प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सरायटोला और कुकुरभूका के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही सरायटोला की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में ही तीन गोल दागकर मजबूत बढ़त बना ली। मैच के अंतिम समय तक टीम ने अपनी बढ़त कायम रखी और शानदार जीत दर्ज की।

सरायटोला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कुकुरभूका की टीम उपविजेता रही। समापन अवसर पर विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि तथा उपविजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष कृष्णा सोरेन उपाध्यक्ष सली राम चौहान, सचिव मुकेश गुप्ता कोषाध्यक्ष कुंती भगत, पीताम्बर पैंकरा सुरेश जायसवाल एवं समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस तरह की ग्रामीण स्तरीय प्रतियोगिताएं क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उक्त जानकारी भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य भूषण वैष्णव ने दी।






