
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
हीरापुर से पत्थलगांव मार्ग पर पुलिया का हिस्सा धंसा, रेलिंग भी नहीं; झाड़ियों से सड़क संकरी
तमता । पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत घरजियाबथान के राजस्व ग्राम हीरापुर से पत्थलगांव और बहुराबहार जाने वाले मार्ग पर स्थित जर्जर पुलिया हादसों को न्योता दे रही है। पुलिया का निचला हिस्सा धंसने और एक ओर की मिट्टी खिसकने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जल्द मरम्मत और नए पुल के निर्माण की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।ग्रामीणों के अनुसार, हीरापुर, कोड़ेकेला, खसिमुड़ा और खरकट्टा सहित आसपास के गांवों के करीब 1000 लोग प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है। रात के समय और बारिश के दौरान पुलिया से गुजरना और भी खतरनाक हो जाता है।दो बाइक सवार नदी में गिरे, ग्रामीणों ने बचाई जानग्रामीण युवा खुलेश्वर साहू ने बताया कि हाल ही में पुलिया के पास दो बाइक सवार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गए थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।हीरापुर से घरजियाबथान जाने वाले मुख्यमंत्री सड़क मार्ग के दोनों ओर बरसात के बाद कंटीली झाड़ियां उग आई हैं। इनके सड़क तक फैलने से रास्ता संकरा हो गया है। सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने झाड़ियों की सफाई कराने की भी मांग की है।ग्रामीणों का आरोप है कि यह समस्या हर साल निर्मित होती है कोऔर इसे लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिया के स्थान पर नया पुल बनाने और सड़क किनारे की झाड़ियों को साफ कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे श्रमदान कर मरम्मत का प्रयास करेंगे और आंदोलन करेंगे।विरोध के दौरान खुलेश्वर साहू, तुला राम साहू, संतोष भोय, पारस साहू, रमेश साहू, पवित्र भोय, रामचरण साहू और विनोद साहू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आवागमन सुरक्षित बनाने की मांग की है।




