
डेस्क खबर खुलेआम
कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में भोजपुरी गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना एक युवती को भारी पड़ गया। रील वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवती के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। युवती ने थाना परिसर स्थित संवेदना कक्ष में “आज जेल होई, कल बेल होई…” गाने पर रील बनाई थी, जिसे बाद में इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया गया।पुलिस के मुताबिक, युवती करीब एक सप्ताह पहले किसी मामले में शिकायत करने कोतवाली थाना पहुंची थी, हालांकि उसने शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसी दौरान उसने थाना परिसर में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
रील वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए युवती के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।कार्रवाई के बाद युवती ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की गतिविधि नहीं करने का आश्वासन दिया। युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से रील भी डिलीट कर दी। पुलिस ने उससे बॉन्ड भरवाकर दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत दी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि थाना और अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए सरकारी या संवेदनशील परिसरों में इस तरह की गतिविधियां करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









