
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर, 6 सितंबर 2026। जन्माष्टमी की रात गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पत्नी से अवैध संबंध होने के शक ने एक युवक को खूनी वारदात को अंजाम देने पर मजबूर कर दिया। आरोपी ने घर के बाहर मोटरसाइकिल अंदर करने निकले अपने पड़ोसी पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर के पीछे लगातार कई वार होने से पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने लगातार दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया रानी वर्मा ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने घर के सामने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देख रही थी। इसी दौरान उसके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को अंदर करने के लिए निकले। तभी विकास नगर निवासी सेवाराम साहू अचानक पीछे से आया और धारदार हथियार से उमेन्द्र सिंह के सिर के पीछे ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।मामले में थाना गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी सेवाराम साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 392/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस की घेराबंदी के बाद आरोपी सेवाराम साहू (38), पिता आनंद साहू, निवासी विकास नगर, गुढ़ियारी, रायपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे उमेन्द्र सिंह वर्मा के अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने गुस्से में आकर हमला किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






