
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोरा भाठा में अनियंत्रित होकर नाली में फंसी एक स्कॉर्पियो को छोड़कर महिला और पुरुष मौके से फरार हो गए। संदिग्ध परिस्थितियों में वाहन मिलने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग बोरियों और बैगों में कुल 54 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार, चंगोरा भाठा क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर नाली में फंस गया था। वाहन में सवार महिला और पुरुष वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों को वाहन पर संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना थाना डी.डी. नगर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में स्कॉर्पियो की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर अलग-अलग बोरियों एवं बैगों में रखा 54 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।पुलिस ने बरामद गांजे को विधिवत जब्त करते हुए NDPS Act की धारा 20 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी NDPS Act के तहत जब्त किया गया है।वहीं, वाहन छोड़कर फरार हुए महिला और पुरुष की पहचान एवं पतासाजी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।










