
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में गुस्से में स्कूटी को आग लगाने की घटना ने एक युवक की जान ले ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने स्कूटी मालिक को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और उसके साथियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी मुकेश निषाद (21 वर्ष) ने 12 जुलाई 2026 को अपनी ओला स्कूटी (CG 04 QZ 2338) अपने मित्र साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी। इस बात पर उसकी मां ने उसे कड़ी फटकार लगाई, जिससे वह आक्रोशित हो गया।गुस्से में आरोपी अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से सुयश अस्पताल के सामने स्थित मैदान, कोटा पहुंचा और अपनी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने लगा। इसी दौरान साकिब रजा ने उसे रोकने का प्रयास किया और स्कूटी के ऊपर लेट गया, लेकिन आरोपी ने आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी के साथ साकिब भी आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।घायल साकिब रजा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 17 जुलाई 2026 को डी.के.एस. अस्पताल, रायपुर में उसकी मौत हो गई।मर्ग जांच, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 153/26 दर्ज किया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सरस्वती नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद, निवासी रामजी हलवाई गली, रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।










