
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। FOREX ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार न्यू राजेन्द्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने 17 अप्रैल 2026 को गूगल पर FOREX ट्रेडिंग सर्च किया था। इसी दौरान एक वेबसाइट के माध्यम से उनका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक लाभ का प्रलोभन देकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। आरोपियों ने लगातार मोबाइल के जरिए संपर्क कर प्रार्थी और उसके भतीजे से अलग-अलग किस्तों में कुल 74 लाख रुपये निवेश करा लिए, लेकिन न तो कोई लाभ दिया और न ही रकम वापस लौटाई।शिकायत पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर की संयुक्त टीम ने मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, टेलीग्राम ग्रुप, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। चेन एनालिसिस और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली।संयुक्त पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और लगातार तकनीकी निगरानी व स्थानीय सूचना के आधार पर मुकेश कुमार मीणा (26) निवासी जयपुर तथा संदीप कुमार (24) निवासी सीकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी को अंजाम देना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी है ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क, अन्य साथियों और देशभर में की गई संभावित साइबर ठगी के मामलों का खुलासा किया जा सके। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।









