
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर में पार्षद के फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आजाद चौक पुलिस ने एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार, शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से उपयोग कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड समेत नगर निगम से जुड़े विभिन्न दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आजाद चौक थाना पुलिस ने जांच तेज की और साक्ष्य जुटाने के बाद मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सेंटर संचालक विपीन केशरी से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत व फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त कर ली है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के अश्वनी नगर क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं तथा अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा चुके हैं।








