
डेस्क खबर खुलेआम
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंडा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक छात्रा की पहचान दीप्ति चंद्रा (11 वर्ष) पिता मुरीत चंद्रा, निवासी ग्राम अंडा, तहसील अड़भार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मौसम खराब होने के दौरान अचानक तेज गर्जना और बिजली चमकने की घटना हुई। इसी दौरान दीप्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल आसपास के लोगों ने बच्ची को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। सूचना मिलने पर मालखरौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। वहीं घटना के संबंध में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दीप्ति चंद्रा स्थानीय विद्यालय की छात्रा थी। उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्राम अंडा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।












