
खबर खुलेआम
रायगढ़। जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में डोरी बिनने गई महिला का सामना अचानक हाथी से हो गया, जिसने हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बरभौना के आश्रित ग्राम कुकरीचोली निवासी 60 वर्षीय चंद्रकला डनसेना बुधवार सुबह स्कूल के सामने स्थित अपने खेत में डोरी बिनने गई थीं। इसी दौरान खेत के आसपास मौजूद हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दोपहर के समय खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव के पास हाथी के पैरों के निशान भी पाए गए, जिससे हाथी के हमले की पुष्टि हुई। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक और भय का माहौल फैल गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत हाथी के हमले से होना सामने आया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं वन विभाग द्वारा भी घटना की जांच के साथ प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।













