
डेस्क खबर खुलेआम
शिवनाथ नदी में चल रहा था अवैध उत्खनन, टीम को देखते ही मशीन छोड़ फरार हुए ऑपरेटर
रायपुर, 18 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल ने बिलासपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनों को जप्त किया है। खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान शिवनाथ नदी में मशीनों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया।निरीक्षण के दौरान मौके पर तीन चैन माउंटेन मशीनें अवैध उत्खनन में लगी मिलीं। जांच दल को देखते ही मशीन ऑपरेटर मशीनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत ग्राम उदईबंध में दो तथा अमलडीहा में एक मशीन को जप्त कर सील कर दिया। विभाग द्वारा संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी करते हुए मशीनों के मुख्य द्वार पर चस्पा भी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













