
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर।राजधानी रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज पारिवारिक हत्या का मामला सामने आया है, जहाँ मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मोबाइल देखने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी, बेटी और नाबालिग संतान ने मिलकर परिवार के मुखिया की ही हत्या कर दी। घटना 27 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे की है। मृतक वीरेन्द्र भारती गोस्वामी, निवासी डीडीनगर, रायपुर, के साथ परिवार में मोबाइल देखने को लेकर विवाद हुआ। आक्रोश में आकर उनकी पत्नी दीपा भारती गोस्वामी (44 वर्ष), पुत्री तनिया भारती गोस्वामी (19 वर्ष) तथा एक नाबालिग बालिका ने घर में रखे लकड़ी के बैट और ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। घर में फैले खून को साफ किया गया और उपयोग किए गए हथियार तथा खून से सने कपड़ों को पास के नाले में फेंक दिया गया। इतना ही नहीं, परिवारजनों को गुमराह करने के लिए यह कहानी बनाई गई कि मृतक बाथरूम में गिरकर बेहोश हो गया था और उसे इलाज के लिए भेजा गया है।29 सितंबर 2025 को पुलिस को मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटें पाई गईं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।डीसीपी पश्चिम श्री संदीप पटेल के मार्गदर्शन, एडिशनल डीसीपी श्री राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। थाना डीडीनगर में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) में मामला पंजीबद्ध कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।












