
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर / औद्योगिक क्षेत्र उरला स्थित गर्ग एग्रो इंडस्ट्रीज एवं कोल्ड स्टोरेज में मामूली विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। घटना 6 अप्रैल 2026 की है, जब काम के दौरान वाल्व बंद करने को लेकर संतोष सोनवानी और रमाकांत तिवारी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया।विवाद के बाद संतोष सोनवानी अपने कमरे में जाकर सो गया, लेकिन गुस्से में भरे रमाकांत तिवारी ने कुछ देर बाद पास में रखे पाना (रिंच) से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 126/26 के तहत धारा 103(1) बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में रमाकांत तिवारी ने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पाना भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी रमाकांत तिवारी (60 वर्ष), पिता रामकुमार तिवारी, निवासी ग्राम मझियारकला, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












