

खबर खुलेआम
रायगढ़, 24 मार्च। जिले में बढ़ती दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए खरसिया पुलिस ने एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक सहित 5 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। गिरोह खासतौर पर बुलेट मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को खरसिया के हनुमान चौक पुरानी बस्ती निवासी दीपक मेघानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बुलेट मोटरसाइकिल (CG 10 BN 0643) घर के आंगन से चोरी हो गई है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि रायगढ़ के ढिमरापुर क्षेत्र में कुछ युवक नई बुलेट मोटरसाइकिल के साथ घूम रहे हैं। इसके बाद चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रितेश सुनानी उर्फ रोहित चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि वे रात के समय ट्रेन और मोटरसाइकिल के जरिए खरसिया पहुंचते थे और सुनसान इलाकों से बुलेट चोरी कर रायगढ़ ले जाते थे।आरोपी ने 19 मार्च को दीपक मेघानी की बुलेट चोरी करने के अलावा 18 मार्च को प्रदुमन गर्ग तथा 14 मार्च को आर्यन बंसल की बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करना भी कबूल किया।

चोरी की गई कुछ गाड़ियां पेट्रोल खत्म होने के कारण खरसिया रेलवे साइडिंग के पास खंडहर में छिपा दी गई थीं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन बुलेट मोटरसाइकिल और एक हीरो होंडा सीडी डीलक्स बाइक बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।












