

खबर खुलेआम
घरघोड़ा। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए South Eastern Coalfields Limited (SECL) रायगढ़ क्षेत्र एवं NTPC तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घरघोड़ा को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए हैं। सभी सामग्री सेतराम पैकरा, खंड चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी घरघोड़ा को सौंपा गया। इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद अधिकारी (आईएएस), एसडीएम घरघोड़ा, मनोज कुमार गुप्ता, तहसीलदार, सहोदर राम पैकरा, नायब तहसीलदार तथा अच्युतानंद साहू, अपर महाप्रबंधक (LA/R&R/CD-CSR), तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना, और SECl रायगढ़ क्षेत्र के अधिकारी उपस्थित रहे।

बता दें कि तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना द्वारा अपनी सामुदायिक विकास गतिविधियों के अंतर्गत सीएचसी घरघोड़ा को 350 निर्धारित रंगों की बेडशीट प्रदान की गई। यह सहयोग राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रोटोकॉल के अनुरूप अस्पताल में साप्ताहिक बेडशीट परिवर्तन व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। 50-बेड की इस स्वास्थ्य सुविधा में निर्धारित मानकों के अनुसार अलग-अलग रंगों की बेडशीट की आवश्यकता थी, जिसकी पूर्ति अब सुनिश्चित हो सकेगी।

इसी कड़ी में South Eastern Coalfields Limited (SECL) रायगढ़ क्षेत्र ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत घरघोड़ा स्थित शासकीय अस्पताल को दो वॉशिंग मशीनें भी प्रदान कीं। 12 किलोग्राम क्षमता एवं 5-स्टार रेटिंग वाली पूर्णतः स्वचालित इन मशीनों से अस्पताल में उपयोग होने वाली चादरें, परदे, यूनिफॉर्म तथा अन्य कपड़ों की नियमित एवं प्रभावी धुलाई संभव हो सकेगी। इससे संक्रमण नियंत्रण में सुधार होगा तथा स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनेगी। SECL अधिकारियों ने कहा कि कंपनी क्षेत्रीय समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी पहलों को निरंतर समर्थन देती रहेगी।

अस्पताल प्रबंधन ने भी इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेडशीट और वॉशिंग मशीनों की उपलब्धता से अस्पताल की कार्यक्षमता एवं सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इन पहलों से स्पष्ट है कि SECL रायगढ़ क्षेत्र एवं तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर सामुदायिक विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।













