

डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। रायपुर पुलिस की सक्रिय और रणनीतिक कार्रवाई से अपहरण कर बंधक बनाकर जबरन वसूली की एक बड़ी साजिश समय रहते विफल कर दी गई। थाना आजाद चौक क्षेत्र के घोराही तालाब-रामकुंड इलाके में दो युवकों को बंधक बनाकर मारपीट किए जाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित रेड कार्रवाई करते हुए दोनों को सकुशल मुक्त कराया और मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर सघन तलाशी शुरू की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में दबिश दी गई, जहां से धमतरी निवासी जीवन यदु और राकेश शर्मा को मुक्त कराया गया।प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि करीब 2 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों युवकों का करबला तालाब के पास से अपहरण कर लिया था। हथियारों के बल पर मारपीट कर जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए तथा नगदी, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली गई।लगातार दबिश और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने कामरान अब्बास (29), नवीन उर्फ नन्नू ढीमर (19), लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन (19), राकेश धीवर (24), अनिल धीवर (30) एवं हरिओम सोनकर (47) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद, दो पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और छह मोबाइल फोन जप्त किए गए।पुलिस के अनुसार हरिओम सोनकर के विरुद्ध पूर्व में 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपी भी पहले जेल जा चुके हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।













