

डेस्क खबर खुलेआम
कृषि विज्ञान केन्द्र, जशपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। तमिलनाडु के कोयम्बटूर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के किसानों को 18 हजार करोड़ रुपये की राशि DBT के माध्यम से जारी की गई। योजना की शुरुआत से अब तक 3 लाख 90 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले के 71,576 किसानों के बैंक खातों में 14.32 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।

जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपस्थित जन समूह सम्बोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों को मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है तथा हर स्तर पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कृषि विज्ञान केन्द्र, डुमरबहार में आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में कृषक शामिल हुए।
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख राकेश कुमार भगत ने रबी फसलों, प्रक्षेत्र में संचालित गतिविधियों और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उप-संचालक कृषि एम.आर. भगत ने किसानों को 100% केसीसी बनवाने, लखपति दीदी योजना, पीएम किसान पंजीयन तथा त्रुटि सुधार हेतु ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करने की बात कही। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर किसानों से अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया। कृषक उपज मंडी समिति पत्थलगांव के सचिव राकेश खैरवार ने मंडी परिसर में बने फल-सब्जी दुकानों के विषय में विस्तृत जानकारी साझा की। कृषि अनुविभागीय अधिकारी राकेश पैंकरा ने धान खरीदी, एग्रीस्टेक पंजीयन और केसीसी के संबंध में जानकारी दी साथ ही धान खरीदी पोर्टल में फसल न दिखने पर खसरा सुधार संबंधी मार्गदर्शन दिया। उद्यान अधीक्षक एम. एक्का ने फलदार पौधे, ग्राफ्टेड टमाटर और गोदाम निर्माण योजनाओं की जानकारी दी। मत्स्य निरीक्षक सुश्री पैंकरा ने तालाब निर्माण और मछली पालन योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में मशरूम प्रदर्शनी एवं महिला स्व-सहायता समूहों के स्टालों का अवलोकन किया गया।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के प्रमुख उद्देश्य (संक्षेप में और सुगठित), छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना, खेती लागत में राहत और वार्षिक आय में वृद्धि, कर्ज पर निर्भरता कम करना, कृषि उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़ाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देना, DBT के माध्यम से पारदर्शी भुगतान अन्य विषयों के बारे मे बताया गया।
कार्यक्रम में विषय वस्तु विशेषज्ञ महेन्द्र पटेल, इंजी. अनिता लकड़ा, श्री मनीष वर्मा, लेपाराम, मनोज नारंगे, पुष्पेन्द्र पटेल, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी देवकांत अज्जगल्ले, मिथुन चौधरी, डी.के. गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण विस्तार अधिकारी, महिला समूह सदस्य एवं जशपुर भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भूषण वैष्णव सहित कुल 116 किसान उपस्थित रहे।













