

खबर खुलेआम
10 मार्च, 2026* । रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार दिनांक 08.03.2026 को एक स्थानीय ग्रामीण द्वारा पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 12 वर्षीय बेटी घर के अन्य सदस्यों के साथ जंगल क्षेत्र में महुआ बीनने गई थी। सभी लोग अलग-अलग स्थानों पर महुआ बीन रहे थे। कुछ देर बाद जब घर जाने के लिए बालिका को खोजा गया तो वह आसपास नहीं मिली। परिवार के लोगों द्वारा आवाज लगाने पर कुछ दूरी पर खेत की झोपड़ी की ओर से बालिका रोते हुए वापस आई। बालिका ने परिजनों को बताया कि कृष्णा राठिया उसे गलत नीयत से पकड़कर जंगल की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा था। बालिका ने किसी तरह उसका हाथ छुड़ाकर वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी जोबी में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 74 बीएनएस एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण उर्फ कृष्ण कुमार राठिया (उम्र 28 वर्ष) निवासी चौकी जोबी क्षेत्र को हिरासत में लिया गया। मामले की अग्रिम विवेचना चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी द्वारा की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जहां से जेल वारंट पर उसे जेल दाखिल किया गया है।
*एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या गलत हरकत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











