

डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर।सोने के सिक्के और नगदी चोरी के बहुचर्चित मामले में जशपुर पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चोरी के इस सनसनीखेज प्रकरण में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, वहीं शेष चार आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इन्हीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। गौरतलब है कि 6 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सुषमा निकुंज पति विजय कुमार निकुंज, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम केराडीह रैनीडांड, थाना नारायणपुर (हाल मुकाम हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जशपुर) द्वारा थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

रिपोर्ट में उनके केराडीह रैनीडांड स्थित निवास से 15 लाख रुपये नगद एवं सोने के सिक्कों की चोरी की जानकारी दी गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 114/2025, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रार्थिया की भतीजी सहित कुल पांच आरोपियों—मिनल निकुंज, अनिल प्रधान, अभिषेक इन्दवार, लंकेश्वर बड़ाईक एवं अलीशा भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
प्रकरण के चार आरोपी – अविनाश राम प्रधान (27 वर्ष), घनश्याम प्रधान (29 वर्ष), अनमोल भगत (25 वर्ष) एवं विजय बसंत बड़ाईक (39 वर्ष) अब भी फरार हैं।
जशपुर पुलिस द्वारा उनकी लगातार पतासाजी की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसी कड़ी में जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 80-ए के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए उद्घोषणा जारी की है। फरार आरोपियों के संबंध में सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को नाम गोपनीय रखते हुए ₹10,000 (दस हजार रुपये) का नगद इनाम दिया जाएगा।
संपर्क हेतु दूरभाष नंबर
पुलिस अधीक्षक जशपुर – 07763-223240, मो. 9479193600
अति. पुलिस अधीक्षक जशपुर – 07763-223801, मो. 9479193601
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बगीचा – 9479193605
पुलिस कंट्रोल रूम जशपुर – 07763-223807, 9479193699
थाना प्रभारी नारायणपुर – 9479193615
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपराधियों की गिरफ्तारी में सहयोग करें, ताकि कानून का शिकंजा उन्हें जल्द जकड़ सके।











